अकीदत के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, गूंजे ‘सरकार की आमद मरहबा’ के नारे

सिरौलीगौसपुर / बाराबंकी : हजरत मुहम्मद साहब की यौमे-पैदाइश के सिलसिले में बुधवार को क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में जुलूस-ए-मोहम्मदी पूरी अकीदत व एहतराम के साथ निकाला गया। इस दौरान ‘सरकार की आमद मरहबा’, ‘दिलदार की आमद मरहबा’ जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने भाग लिया।

कस्बा बदोसराय में अंजुमन-ए-शैदा-ए-मुस्तफा के तत्वावधान में हाफिज व कारी नजमुद्दीन कादरी के नेतृत्व में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस को संबोधित करते हुए कारी नजमुद्दीन कादरी ने कहा कि हजरत मुहम्मद साहब ने पूरी जिंदगी इंसानियत, प्रेम, भाईचारे और अमन-चैन का पैगाम दिया। उन्होंने कहा कि नबी-ए-करीम की यौमे पैदाइश पूरी दुनिया के लिए रहमत और इंसानियत के लिए प्रेरणा का दिन है। उन्होंने कहा कि जब दुनिया में जुल्म और अत्याचार का दौर था, उस समय हजरत मुहम्मद साहब की पैदाइश हुई और उन्होंने इंसानियत, मोहब्बत, भाईचारे और शांति का रास्ता दिखाया। उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज में अमन और सौहार्द कायम किया जा सकता है। जुलूस विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और ईद मिलादुन्नबी के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में किंतूर, कटका, मरकामऊ, बरदरी, रामपुर, सहादतगंज मेला, रायगंज, सैदनपुर,मदारपुर, बिबियापुर, टिकैतनगर, क़स्बा इचौली, बनगावां समेत क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में भी झंडा-ए-मोहम्मदी के जुलूस निकाले गए। पूरे क्षेत्र में अकीदतमंदों ने हजरत मुहम्मद साहब की यौमे पैदाइश पर अपनी मोहब्बत और अकीदत का इजहार किया।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.