घाघरा का जलस्तर घटते ही तेज हुआ कटान सरसंडा पंचायत के दो गांवों में मंडराया संकट
बाराबंकी - सूरतगंज घाघरा नदी का जलस्तर घटने के साथ ही सरसंडा पंचायत क्षेत्र में नदी का कटान तेज हो गया है। केदारीपुर और बाबा पुरवा गांवों में कटान तेजी से होने के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक करीब 250 घरों के साथ लगभग 2 हजार बीघा खेती योग्य भूमि कटान की चपेट में है। कटान की रफ्तार तेज होने से ग्रामीणों को अपने आशियाने और रोजी-रोटी का साधन मानी जाने वाली कृषि भूमि के अस्तित्व पर खतरा नजर आ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कटान रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। गुड्डू मिश्रा, आशीष कुमार, लालता प्रसाद, गंगाराम, नेम कुमार, मोलहे, रामविलास, ढोढे, चैतू, बुद्धि, संतोष, विनय कुमार, राजकुमार, राम विजय, श्रीमती सोनी देवी, गीता देवी, रामकली और लक्ष्मी देवी समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर कटान का जायजा लेने और रोकथाम के ठोस इंतजाम कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने सरकार से कटान प्रभावित क्षेत्र में बचाव कार्य तेज कराने, संवेदनशील स्थानों पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था करने तथा प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।
रिपोर्टर - नफीस अहमद
No Previous Comments found.