खेल दिवस के अवसर पर पीएम श्री राजकीय इण्टर कॉलेज में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

बाराबंकी : खेल दिवस के अवसर पर उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मंशानुरूप एवं श्रीमती प्रतिमा श्रीवास्तव, जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाराबंकी के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाराबंकी के तत्वावधान में पीएम श्री राजकीय इण्टर कॉलेज, बाराबंकी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता  उज्ज्वल उपाध्याय, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाराबंकी द्वारा की गई। शिविर में सचिव द्वारा छात्र-छात्राओं को खेलों के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका के संबंध में जानकारी दी गई।उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं सहयोग की भावना का विकास करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, बाल अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, बाल विवाह, बाल श्रम, साइबर अपराध एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित विधिक प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहते हुए कानून का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या अथवा उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध विधिक सहायता का लाभ उठाएं। कार्यक्रम में पीएम श्री राजकीय इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य  राधेश्याम, सोशल एक्टिविस्ट  प्रदीप सारंग, पी0ई0टी0 शिक्षक, पी0एल0वी0गण एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर, जागरूक मन और विधिक जानकारी ही सशक्त एवं जिम्मेदार नागरिक के निर्माण की आधारशिला है।

रिपोर्टर नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.