मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 38 मरीजों की हुई जांच नि:शुल्क मिली दवाएं
सिरौलीगौसपुर बाराबंकी - बदोसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया।सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चले मेले में चिकित्सकों ने 38 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यकतानुसार निशुल्क दवाएं वितरित कीं। मेले का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिरौलीगौसपुर के तत्वावधान में किया गया। इस दौरान डॉ. संतोष कुमार शुक्ला, फार्मासिस्ट राम प्रताप मिश्र, एसएम धीरेन्द्र वर्मा, वार्ड ब्वॉय त्रिभुवन सिंह और एएनएम नीतू सिंह सहित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
जांच के दौरान अधिकांश मरीज सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित पाए गए।चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। साथ ही बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। इसी क्रम में महमूदाबाद और सैदनपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया। यहां भी मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरिफ सिद्दीकी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि मेलों में चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहकर मरीजों को जांच, परामर्श और निशुल्क दवाओं की सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतें, साफ-सफाई का ध्यान रखें और पीने के लिए स्वच्छ पानी का ही इस्तेमाल करें।
रिपोर्टर - नफीस अहमद
No Previous Comments found.