बिजली समस्याओं पर समीक्षा बैठक में अफसरों की कार्यशैली पर विधायक नाराज

फतेहपुर, बाराबंकी - विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर सोमवार को तहसील सभागार में विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने विद्युत व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। टूटे विद्युत पोल नहीं बदले जाने, गलत रिपोर्ट लगाए जाने, विद्युत बिलों में अनियमितता, शिकायतों का समय से निस्तारण नहीं होने तथा अधिकारियों द्वारा फोन नहीं उठाए जाने जैसी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। बैठक में कुल 78 शिकायतें प्राप्त हुईं।

विधायक ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित रखने अथवा कागजों पर निस्तारण दिखाने की शिकायत सामने आने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में कुर्सी और सूरतगंज क्षेत्र के जेई द्वारा उपभोक्ताओं के फोन नहीं उठाए जाने की शिकायत पर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि जनता अपनी समस्या लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन करती है। ऐसे में फोन रिसीव नहीं करना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी और कर्मचारी उपभोक्ताओं के फोन नियमित रूप से रिसीव करें और समस्या का उचित जवाब दें। दोबारा फोन नहीं उठाने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

विधायक ने कहा कि अधिकारियों की कार्यशैली का सीधा असर सरकार की छवि पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि जेई द्वारा फोन नहीं उठाने से लोगों में नाराजगी पैदा होती है और सरकार की छवि खराब होती है। उन्होंने अधीक्षण अभियंता भविष्य कुमार सक्सेना को संबंधित जेई की कार्यशैली की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही अगली बैठक तक कार्यप्रणाली में सुधार लाने को कहा। बैठक के दौरान गलत रिपोर्टिंग का मुद्दा भी उठा। विधायक ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी शिकायत का मौके पर समाधान किए बिना गलत रिपोर्ट लगाना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का भौतिक सत्यापन कराया जाए और वास्तविक स्थिति के आधार पर ही रिपोर्ट तैयार की जाए।

विधायक ने विद्युत विभाग के कार्यालयों में उपभोक्ताओं के साथ कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले किसी भी उपभोक्ता के साथ अभद्र व्यवहार नहीं होना चाहिए। बुजुर्गों, महिलाओं और गंभीर विद्युत समस्याओं से परेशान उपभोक्ताओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना और निस्तारित किया जाए। समीक्षा के दौरान विधायक ने 1092 हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। निस्तारित शिकायतों की एक सप्ताह की सूची उन्हें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि वह स्वयं रैंडम चेकिंग कराकर यह पता लगा सकें कि शिकायतों का वास्तव में समाधान हुआ है या केवल रिपोर्ट लगा दी गई है।

बैठक में सूरतगंज क्षेत्र के जेई विद्युत लाल जी सिंह से ब्लॉक प्रमुख का नाम पूछे जाने पर जवाब नहीं दे पाने पर भी विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्र की मूलभूत जानकारी रखने के निर्देश दिए। कहा कि क्षेत्र में तैनात कर्मचारी यदि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र की समस्याओं से ही परिचित नहीं होंगे तो जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान कैसे करेंगे। विधायक ने कहा कि अगली समीक्षा बैठक और चौपाल में बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ फोन नहीं उठाने, गलत रिपोर्टिंग और शिकायतों के लंबित रहने जैसी शिकायतें दोबारा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनता की समस्याओं के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में एसडीएम कार्तिकेय सिंह, अधीक्षण अभियंता भविष्य कुमार सक्सेना, तहसीलदार वैशाली अहलावत, अधिशासी अभियंता अताउल जफर सहित विद्युत विभाग के विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.