टांडा में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 4.5 कुंतल बारूद-विस्फोटक बरामद

फतेहपुर - बाराबंकी मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध विस्फोटक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार शाम मुखबिर की सूचना पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम टांडा के मोहल्ला कटरा में छापा मारकर लगभग 4.5 कुंतल अवैध विस्फोटक पदार्थ और पटाखे बनाने की सामग्री बरामद की है। छापेमारी का नेतृत्व तहसीलदार फतेहपुर वैशाली अहलावत ने किया। टीम में राजस्व विभाग से विकास लेखपाल सहित राजस्व कर्मी और मोहम्मदपुर खाला थाने की पुलिस टीम शामिल रही।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 6 बजे सूचना मिली थी कि मोहल्ला कटरा, ग्राम टांडा,परगना मोहम्मदपुर, तहसील फतेहपुर में दो घरों में बिना लाइसेंस के भारी मात्रा में बारूद जमा कर पटाखे बनाए जा रहे हैं। सूचना पर टीम ने जरीना पत्नी दद्दू और नूरबानों पत्नी बब्बू निवासी मोहल्ला कटरा, टांडा के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के अंदर बोरियों, प्लास्टिक के टब और कट्टों में भरा करीब 4.5 कुंतल (450 किलोग्राम) बारूद,तैयार पटाखे और पटाखा बनाने में प्रयोग होने वाली सामग्री बरामद हुई। मौके पर कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका। सुरक्षा के मद्देनजर टीम ने समस्त सामग्री को जब्त कर लिया। जब्त माल की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में थाना मोहम्मदपुर खाला में विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एसडीएम फतेहपुर कार्तिकेय सिंह ने बताया कि बिना अनुमति विस्फोटक रखना और पटाखा बनाना गंभीर अपराध है। त्योहारों से पहले अवैध पटाखा कारोबारियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.