साप्ताहिक बाजार के चलते शहाबपुर में घंटों जाम की वज़ह क्षेत्रीय ग्रामीणों को भारी परेशानी

मसौली/बाराबंकी : गोंडा बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कस्बा शहाबपुर में रविवार और बुधवार को लगने वाली साप्ताहिक बाजार के दौरान घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सबसे गंभीर स्थिति उस समय उत्पन्न हो जाती है जब एंबुलेंस या मरीजों के वाहन जाम में फंस जाते हैं। इससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में दिक्कत होती है। जानकारी के अनुसार मुस्लिम बाहुल्य कस्बा शहाबपुर में प्रत्येक रविवार और बुधवार को साप्ताहिक बाजार लगती है। बाजार के दिनों में कस्बे की सड़कों पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक शहाबपुर टोल प्लाजा भी जाम की समस्या का एक प्रमुख कारण है। टोल टैक्स से बचने के लिए कई वाहन चालक शहाबपुर से जहांगीराबाद मार्ग होते हुए ग्राम ज्योली की ओर निकलते हैं। इससे बाजार के दिनों में कस्बे के अंदर वाहनों की संख्या बढ़ जाती है और यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर सब्जी दाल बिस्कुट समेत फल फ्रूट के ठेले अन्य सामान बेचने वाले दुकानदार दुकानें लगा लेते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है। स्थिति यह रहती है कि दो वाहन आमने-सामने आ जाने पर यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत भवन शहाबपुर से चौराहे तक पहुंचने में सामान्य दिनों की अपेक्षा कई गुना अधिक समय लग जाता है। सबसे गंभीर समस्या तब होती है जब किसी बीमार मरीज को एंबुलेंस या निजी वाहन से बाराबंकी अथवा लखनऊ के अस्पताल ले जाना पड़ता है। जाम में एंबुलेंस या मरीज का वाहन फंसने से अस्पताल पहुंचने में देरी हो सकती है जिससे मरीज की हालत और गंभीर होने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि साप्ताहिक बाजार के दिनों में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। साथ ही सड़क पर लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित कराकर वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह सुनिश्चित की जाए, ताकि कस्बे में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके और आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.