पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर टिकैतनगर में मंथन, 20 सूत्रीय मांगों पर हुई चर्चा
टिकैतनगर / बाराबंकी : पत्रकारों की सुरक्षा सम्मान और अधिकारों को लेकर रविवार को टिकैतनगर नगर पंचायत क्षेत्र कोतवाली के सामने पत्रकारों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में पत्रकारों के सामने आने वाली चुनौतियों, समाचार संकलन के दौरान होने वाली अभद्रता व हमलों, फर्जी मुकदमों तथा पत्रकार हित से जुड़ी 20 सूत्रीय मांगों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी कोषाध्यक्ष योगेश जायसवाल, प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिवारी, जिला अध्यक्ष देवेश तिवारी एवं कोऑर्डिनेटर राजेंद्र कुमार त्रिवेदी की मौजूदगी में क्षेत्र के पत्रकारों को संगठन की सदस्यता भी दिलाई गई।
प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिवारी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है। समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ अभद्रता, हमले और विवाद के मामले सामने आना चिंताजनक है। वहीं कुछ मामलों में फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाने की शिकायतें भी मिलती हैं। ऐसी परिस्थितियों में पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों के लिए पेंशन, सुरक्षा, सम्मान और अन्य अधिकारों से संबंधित मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि संगठन पत्रकार हितों के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से भी पत्रकारों के थाने अथवा किसी सरकारी कार्यालय में पहुंचने पर सम्मानजनक व्यवहार किए जाने की अपेक्षा की जाती है। ऐसे में पत्रकारों के साथ होने वाली घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। बैठक में टिकैतनगर क्षेत्र के पत्रकारों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी सामने रखे। सभी ने पत्रकारों की एकजुटता मजबूत करने तथा पत्रकार हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पत्रकार एवं सभासद फक्कड़ शर्मा, ननकू मामा, धीरेंद्र शुक्ला, रत्नाकर पांडेय, जय जायसवाल, राजेंद्र कुमार, रिंकू तिवारी, रामदत्त, रामदेव रावत सहित क्षेत्र के अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.