देवा मेला को पारंपरिक गरिमा, भव्यता एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाए : डीएम

बाराबंकी :  जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में देवा मेला एवं प्रदर्शनी समिति की आवश्यक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में देवा मेला 2026 के आयोजन एवं तैयारियों के संबंध में विस्तार से विचार विमर्श किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि देवा मेला 2026 का आयोजन 27 अक्टूबर से 05 नवम्बर 2026 तक भव्य एवं पारंपरिक स्वरूप में किया जाएगा। मेला अवधि के दौरान धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजन से भरपूर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मुशायरा, कवि सम्मेलन, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खेलकूद प्रतियोगिताएं एवं अन्य आकर्षक कार्यक्रम शामिल होंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि देवा मेला 2026 को पारंपरिक गरिमा एवं भव्यता के अनुरूप सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं एवं मेलार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने मेला क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात, साफ सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा, शौचालय, विश्राम स्थल तथा अन्य जनसुविधाओं की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक उप-समितियों का गठन कर अधिकारियों एवं संबंधित विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित करने को कहा। बैठक में मेला के आय एवं व्यय, पशु बाजार, अस्थायी दुकानों एवं स्टॉलों की व्यवस्था सहित अन्य बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियों की कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि देवा मेला-2026 का आयोजन श्रद्धालुओं एवं मेलार्थियों के लिए सुविधाजनक, सुरक्षित एवं यादगार बनाया जा सके। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह सहित देवा मेला एवं प्रदर्शनी समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.