अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर निजी अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी

फतेहपुर/बाराबंकी : निजी अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा मानकों और मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फतेहपुर कस्बे स्थित न्यू हिन्द हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ बेसमेंट में संचालित चिकित्सकीय सेवाओं का भी जायजा लिया गया।

डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में वरिष्ठ पटल सहायक जितेंद्र कुमार शुक्ला की टीम अस्पताल पहुंची। टीम ने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए अग्निशमन उपकरणों, सुरक्षा इंतजामों और अन्य निर्धारित मानकों की जानकारी ली। विशेष रूप से बेसमेंट में संचालित गतिविधियों और वहां उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों और अग्नि सुरक्षा मानकों से जुड़े बिंदुओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से न्यू हिन्द हॉस्पिटल को नोटिस जारी किया गया। विभाग ने अस्पताल प्रबंधन से निर्धारित मानकों के अनुपालन और आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के संबंध में जवाब मांगा है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निजी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार जिले के अन्य निजी अस्पतालों में भी निरीक्षण की कार्रवाई आगे जारी रह सकती है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.