विदेश में नौकरी का झांसा देकर चार युवकों से 6.64 लाख की ठगी, पीड़ित ने किया पुलिस से शिकायत
सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी : बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव में विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर चार बेरोजगार युवकों से कथित तौर पर 6 लाख 64 हजार रुपये और उनके पासपोर्ट ले लिए गए। पीड़ितों का आरोप है कि रकम और पासपोर्ट लेने के बाद आरोपी ने न तो उन्हें विदेश भेजा और न ही पैसे व पासपोर्ट वापस किए। मामले में पीड़ितों ने बदोसराय कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। भूमि सिपाह मजरे रसूलपुर निवासी सुनील कुमार, अंकित कुमार, अमन कुमार और सुभाष ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि बदोसराय मलामत शाह तकिया गांव के एक व्यक्ति ने विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर प्रत्येक युवक से 1 लाख 66 हजार रुपये लिए। पीड़ितों के अनुसार कुछ रकम ऑनलाइन और कुछ नकद दी गई। शिकायत के मुताबिक, सुनील पाल ने 1 लाख 24 हजार रुपये ऑनलाइन और 42 हजार रुपये नकद, अंकित कुमार ने 1 लाख रुपये ऑनलाइन और 66 हजार रुपये नकद, अमन कुमार ने 68 हजार रुपये ऑनलाइन और 98 हजार रुपये नकद, जबकि सुभाष ने 60 हजार रुपये ऑनलाइन और 1 लाख 6 हजार रुपये नकद दिए।
पीड़ितों का आरोप है कि रकम और पासपोर्ट लेने के बाद आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। विदेश भेजने की बात पर कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई और पैसे व पासपोर्ट मांगने पर उन्हें वापस करने से भी इनकार कर दिया गया। विदेश में नौकरी की उम्मीद लगाए बैठे चारों युवकों और उनके परिवारों में इस मामले को लेकर चिंता है। पीड़ितों ने पुलिस से मामले की जांच कर रकम व पासपोर्ट वापस दिलाने तथा आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.