मटकी फोड़ कार्यक्रम में गूंजे श्रीकृष्ण भजन भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर

मसौली/बाराबंकी : कस्बा स्थित बाबा रामसरन दास भगवत दास कुटी हनुमान मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में कस्बे के मोहल्ला भूलीगंज की भजन मंडली के गुड्डू यादव ने भगवान श्रीकृष्ण के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन संध्या के दौरान बहियां न मरोड़ मोर कान्हा अरे मुरलिया बाज रही कन्हैया कदम तरे ठाढ़ गोकुला दहिया बेचन न जाइबेय  तथा अब न तुमसे गय्या हम दुहाइबय बनवारी जैसे पारंपरिक भजनों का गायन किया गया। अंत में गिटकी न मारो कान्हा मटकी फूट जाईहैं, सास ननद घर रूठ जाईहैं, भजन पर गुड्डू यादव ने नृत्य करते हुए सिर पर रखी मटकी फोड़ी। मटकी फूटते ही श्रद्धालुओं ने जय कन्हैया लाल की हाथी घोड़ा पालकी के जयघोष लगाए जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण को भोग अर्पित कर आरती की गई तथा श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी बाबा रामलाल दास, प्रेमनंद वर्मा, राजन सोनी, रामसरन यादव, राजू यादव, अमेरिका यादव, शिवलाल कश्यप, सतीश सोनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.