दरियाबाद कोतवाली परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का जागरूकता शिविर आयोजित
दरियाबाद,बाराबंकी : पशुओं के प्रति क्रूरता रोकने और उनके संरक्षण को लेकर आमजन को कानूनी जानकारी देने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाराबंकी के तत्वावधान में कोतवाली परिसर दरियाबाद में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। माननीय जिला जज प्रतिमा श्रीवास्तव जी के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण के सचिव श्री उज्ज्वल उपाध्याय जी के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में पशु क्रूरता एवं पशु संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में अधिकार मित्र विष्णु कुमार पाण्डेय ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पशु भी संवेदनशील जीव हैं और उनके प्रति क्रूरता किसी भी सभ्य समाज के लिए उचित नहीं है। उन्होंने पशुओं के साथ मारपीट, उन्हें अनावश्यक पीड़ा पहुंचाने तथा अन्य प्रकार की क्रूरता से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं दंडात्मक कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। साथ ही लोगों से पशुओं के प्रति दया और संवेदनशीलता का व्यवहार अपनाने की अपील की।कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कोतवाली प्रभारी श्री धर्मेंद्र कुमार जी ने भी पशु संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पशुओं के प्रति क्रूरता की घटनाओं को रोकने में कानून के साथ-साथ समाज की जागरूकता भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने लोगों से ऐसी घटनाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और पशुओं के प्रति मानवीय व्यवहार करने का आह्वान किया। शिविर के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि पशु संरक्षण केवल कानून की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी भी है। जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को उनके कानूनी अधिकारों एवं दायित्वों से परिचित कराते हुए पशुओं के प्रति संवेदनशील समाज का निर्माण करना रहा।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.