अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच में 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, अनियमितता मिलने पर 6 प्रतिष्ठान सील
बाराबंकी : अग्नि सुरक्षा संबंधी मानकों एवं बेसमेंट में संचालित चिकित्सकीय सेवाओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को जनपद में संचालित निजी चिकित्सालयों एवं चिकित्सा प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था तथा बेसमेंट में संचालित चिकित्सकीय सेवाओं से संबंधित मानकों की जांच की गई। निरीक्षण टीम में स्वास्थ्य विभाग से उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार मिश्र एवं वरिष्ठ/पटल सहायक जितेन्द्र कुमार शुक्ला सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।टीम ने कुल 10 निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किए। निरीक्षण किए गए प्रतिष्ठानों में न्यू जन कल्याण हॉस्पिटल, मानभऊ चौराहा; आर्यन पॉलीक्लिनिक एवं आर्यन मेडिकल, सदुल्लापुर कोठी; श्रेया फार्मेसी, केसरीगंज चौराहा; दीपिका हॉस्पिटल, सेमरावां चौराहा; फातिमा नर्सिंग होम, जैदपुर; श्री धनिराम, सैदनपुर; श्री दिव्यप्रकाश सिंह, सिद्दौर; श्री परिमल बैन, देवीगंज चौराहा तथा श्री परमात्मानन्द वर्मा, देवीगंज चौराहा शामिल रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार निरीक्षण के दौरान आर्यन मेडिकल, श्रेया फार्मेसी, श्री धनिराम, श्री दिव्यप्रकाश सिंह, श्री परिमल बैन एवं श्री परमात्मानन्द वर्मा के अपंजीकृत प्रतिष्ठानों को सील किया गया, जबकि अन्य प्रतिष्ठानों को आवश्यक निर्देश एवं नोटिस जारी किए गए। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि अग्नि सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निरीक्षण एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्टर - नफीस अहमद
No Previous Comments found.