प्रेस क्लब फतेहपुर के पदाधिकारियों ने ली शपथ, पत्रकारिता के दायित्वों पर हुआ मंथन

फतेहपुर बाराबंकी। बुधवार को प्रेस क्लब फतेहपुर का शपथ ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह भव्य रूप से नगर के राम नगर रोड स्थित लोटस मैरिज लॉन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पत्रकारिता के दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करने की शपथ ली।  वरिष्ठ पत्रकार डीके सिंह ने पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के उपरांत अभिनंदन कार्यक्रम  में मुख्य अतिथि विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा, तहसीलदार वैशाली अहलावत, बीडीओ अदिति श्रीवास्तव तथा संरक्षक डीके सिंह, हसन इब्राहिम काजमी, संतोष मिश्रा (दीपू) प्रेस क्लब फतेहपुर के अध्यक्ष नलिन कुमार निगम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बुके, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।  कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप निबंधक अवधेश कुमार मिश्रा ने कहा कि समाज को जागरूक करने, सामाजिक समस्याओं को सामने लाने और पीड़ितों की आवाज शासन - प्रशासन तक पहुंचाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है। ऐसे में पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए यह तय करना चाहिए कि उनके द्वारा प्रकाशित या प्रसारित खबर का समाज पर क्या प्रभाव पड़ रहा है। पत्रकारिता का उद्देश्य समाज के हित से जुड़ा होना चाहिए और खबरों के माध्यम से जनसमस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास होना चाहिए।

मुख्य अतिथि विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा ने कहा कि प्रेस क्लब फतेहपुर के अभिनंदन समारोह में शामिल होकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि समाज के पीड़ित, शोषित और वंचित वर्ग तथा पंक्ति के पीछे बैठे व्यक्ति की आवाज को उचित पटल तक पहुंचाने में पत्रकारों की अहम भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारियों एवं नैतिक दायित्वों से पीछे नहीं हटना चाहिए। निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सेठ आनंदराम जयपुरिया साधु कैंपस के चेयरमैन अजय कुमार चौधरी ने प्रेस क्लब के संरक्षक डीके सिंह, हसन इब्राहिम काजमी एवं अध्यक्ष नलिन कुमार निगम को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रेस क्लब फतेहपुर के गठन पर सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।  समारोह में फिल्म निर्माता व निर्देशक व दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित सैम खान की उपस्थिति भी रही। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक, राजनीतिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने पहुंचकर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नगर पंचायत फतेहपुर अध्यक्ष इरशाद अहमद कमर, बेलहरा चेयरमैन अयाज खान, अधिशासी अधिकारी डॉ. अनुपम सिंह, एसडीओ अमरजीत वर्मा, जे ई राकेश कुमार यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख निंदूरा चंद्रशेखर गुप्ता, बीआरजी इंटर कॉलेज के प्रबंधक एसके वर्मा, युगांतर स्कूल के प्रबंधक आशुतोष कुमार वर्मा, सेंट जोसेफ स्कूल के प्रबंधक विजय कुमार तिवारी, शारदा विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुनील सिंह, श्री साईं हॉस्पिटल के संचालक डॉ. शिशु सिमरन जीत सिंह, डॉ. देशराज, मंडल अध्यक्ष रंजीत कुमार लोधी, महंत हेमंत दास, टीनू जैन, हरनाम सिंह वर्मा एडवोकेट, उमेश श्रीवास्तव, अवधेश अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, चेतन अग्रवाल, डॉ. समर सिंह वर्मा, डॉ. अंजु चंद्रा, दद्दन सिंह, जहीर अंसारी, डॉ. नीरज पटेल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख दिनेश कुमार वर्मा, शशि वर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

वहीं, समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कस्बा चौकी प्रभारी अमित प्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.