मौलाना सिराज अहमद कमर की पुण्यतिथि पर लगा निशुल्क मेडिकल कैंप

फतेहपुर/बाराबंकी : कस्बा फतेहपुर में स्वर्गीय मौलाना सिराज अहमद कमर की पुण्यतिथि के अवसर पर निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन नगर पंचायत अध्यक्ष इरशाद अहमद कमर की ओर से कराया गया। इसमें लखनऊ के चरक हॉस्पिटल से पहुंची चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में सामान्य रोगों के साथ ही नेत्र संबंधी समस्याओं की जांच की गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शिविर में पहुंचे और चिकित्सकों से परामर्श लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सकों की सलाह के अनुसार निशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप भी पहुंचे। उन्होंने शिविर का जायजा लेते हुए आयोजन की सराहना की और स्वर्गीय मौलाना सिराज अहमद कमर को याद किया। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं। इस दौरान अरविंद सिंह गोप ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर आम जनता परेशान है और दवाओं से लेकर सरकारी व्यवस्था तक कई स्तरों पर सरकार विफल रही है। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।आयोजकों के मुताबिक शिविर का उद्देश्य स्वर्गीय मौलाना सिराज अहमद कमर की स्मृति को जनसेवा से जोड़ते हुए जरूरतमंद लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना था। शिविर में पहुंचे लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.