हेतमापुर में रामनगर विधायक फरीद महफूज किदवई ने बांटी 200 राहत किट, कटान पीड़ितों का जाना दर्द

हेतमापुर/बाराबंकी : घाघरा नदी की कटान से प्रभावित हेतमापुर क्षेत्र में बुधवार को रामनगर विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी विधायक फरीद महफूज किदवई पहुंचे। विधायक ने कटान से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी और मौके पर मौजूद ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान विधायक की ओर से अपने स्तर पर तैयार कराई गई करीब 200 राहत किट कटान पीड़ित परिवारों को वितरित की गईं। राहत सामग्री मिलने पर पीड़ित परिवारों ने विधायक के सामने अपनी परेशानियां रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि नदी की कटान के चलते कई परिवारों के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।पीड़ितों ने मकान के मुआवजे के साथ-साथ घर बनाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग विधायक के सामने रखी। विधायक फरीद महफूज किदवई ने पीड़ित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि राहत और मुआवजे से संबंधित मामलों को लेकर संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को मकान के मुआवजे तथा आवास निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने के मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराने का प्रयास किया जाएगा। विधायक ने इस दौरान हेतमापुर के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित ईदगाह का स्थलीय निरीक्षण भी किया। मौके पर उन्होंने नदी की कटान से ईदगाह और मस्जिद के आसपास उत्पन्न खतरे की स्थिति को देखा। विधायक ने बाढ़ खंड विभाग के अधिकारियों को धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने और ईदगाह व मस्जिद को कटान से बचाने के लिए प्रभावी सुरक्षात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के इस समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पीड़ितों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रहने की व्यवस्था उपलब्ध हो सके।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.