टूटता परिवार फिर जुड़ा, पति-पत्नी ने साथ रहने का लिया संकल्प
बाराबंकी : पारिवारिक कलह के चलते बिखरते रिश्तों को जोड़ने में बाराबंकी पुलिस के महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन / परिवार परामर्श केंद्र की भूमिका अहम साबित हो रही है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में वैवाहिक विवादों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण निस्तारण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्र को एक और सफलता मिली है।महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन (परिवार परामर्श केंद्र) प्रभारी मुन्नी देवी व उनकी टीम द्वारा पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद के मामले में दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई। काउंसलिंग के दौरान पति-पत्नी को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना गया। अक्सर देखा जाता है कि छोटी-छोटी गलतफहमियों और आपसी संवाद की कमी के चलते विवाद बड़ा रूप ले लेता है। इसी को ध्यान में रखते हुए टीम ने दोनों को रिश्तों के महत्व को समझाया।लगातार समझाने और काउंसलिंग के बाद दोनों के बीच की दूरियां समाप्त हुईं। अंततः दोनों ने अपनी गलतियों को स्वीकार करते हुए आपसी सहमति से सुलह-समझौता कर लिया और भविष्य में प्रेम, विश्वास और सामंजस्य के साथ रहने का संकल्प लिया। सुलह के बाद दोनों परिवारों के चेहरों पर खुशी देखी गई।गौरतलब है कि परिवार परामर्श केंद्र द्वारा इस तरह के मामलों में कानूनी कार्रवाई से पहले काउंसलिंग के माध्यम से परिवारों को टूटने से बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे न केवल न्यायालय पर आने वाला बोझ कम हो रहा है, बल्कि कई मासूम बच्चों का भविष्य भी संवर रहा है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.