डीएम,एसपी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय फतेहपुर का किया औचक निरीक्षण

बाराबंकी : जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक  अर्पित विजयवर्गीय द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, फतेहपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा विद्यालय की शैक्षिक, आवासीय, भोजन, स्वच्छता तथा बालिकाओं की सुरक्षा एवं संरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कक्षा 6 से 12 तक संचालित विभिन्न कक्षाओं में जाकर बालिकाओं से सीधे संवाद किया तथा उनकी शैक्षिक गुणवत्ता, अध्ययन-अध्यापन की स्थिति एवं विषयगत समझ के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बालिकाओं से विद्यालय में उपलब्ध आवासीय सुविधाओं, भोजन, पेयजल, स्वच्छता तथा सुरक्षा व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। बालिकाओं द्वारा अधिकारियों से संवाद करते हुए अपनी पढ़ाई एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी साझा की गई।

निरीक्षण के दौरान कक्षा 10 उत्तीर्ण करने वाली दो बालिकाओं को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बालिकाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत करने, उच्च शिक्षा के लिए आगे बढ़ने तथा अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय में उपस्थित 172 बालिकाओं के उत्साहवर्धन हेतु जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की ओर से पानी की बोतल, कॉपी, पेन, चिप्स एवं चॉकलेट आदि सामग्री का वितरण किया गया। सामग्री प्राप्त कर बालिकाओं में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता दिखाई दी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बालिकाओं के साथ बैठकर भोजन भी किया। भोजन से पूर्व बालिकाओं द्वारा सामूहिक रूप से भोजन मंत्र का उच्चारण किया गया, जिसकी जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सराहना की गई। अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था के संबंध में भी बालिकाओं से जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को बालिकाओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक एवं आवासीय वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर आवासीय सुविधाएं तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

निरीक्षण के अवसर पर एएसपी मो0 आफताब आलम ,उपजिलाधिकारी फतेहपुर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा  पुनीत मणि त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : हयातुर्रहमान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.