घुंघटेर में लगा किसान मेला, उन्नत मक्का उत्पादन की तकनीकों से रूबरू हुए किसान

बाराबंकी : विकासखंड निंदूरा के ग्राम घुंघटेर में रविवार को त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम एवं RATDS योजनांतर्गत किसान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुर्सी विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने की। मेले में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों ने प्रतिभाग कर कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को मक्का उत्पादन की नवीन तकनीकों, आधुनिक कृषि यंत्रों, कृषि निवेशों पर मिलने वाली सुविधाओं एवं अनुदान सहित विभिन्न कृषि विकास योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। किसान मेले में अधिकारियों ने मक्का उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ ही किसानों को कृषि विभाग की संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए जागरूक किया। किसानों ने भी अधिकारियों से कृषि योजनाओं, तकनीकों और उपलब्ध सुविधाओं को लेकर संवाद किया तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक बाराबंकी, उप कृषि निदेशक (शोध), जिला कृषि अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी निंदूरा तथा भूमि संरक्षण अधिकारी गोमती बाराबंकी सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष, जिला मंत्री और मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान शामिल हुए। किसान मेले के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर मक्का उत्पादन बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.