रास्ता पूछने के बहाने करते थे मोबाइल चोरी, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

बाराबंकी : अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के पांच मोबाइल फोन, 3,400 रुपये नकद, तीन आधार कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।पुलिस के मुताबिक रविवार को थाना मोहम्मदपुर खाला की टीम ने बरुहा मोड़ पुलिया के पास से लवकुश मिश्रा उर्फ नवीन कुमार निवासी चन्द्रसिहाली, आजाद निवासी मुकौली थाना रामनगर तथा विशाल कुमार निवासी जगजीवनपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने 27 अगस्त को ग्राम भटुवामऊ में एक महिला से मोबाइल व मोबाइल कवर में रखे रुपये चोरी किए थे। इसके बाद 30 अगस्त को सूरतगंज में रास्ता पूछने के बहाने एक व्यक्ति को बातचीत में उलझाकर उसका मोबाइल चोरी किया गया। वहीं 16 सितंबर को बैरानामऊ मंझारी से मोबाइल फोन व आधार कार्ड चोरी करने की घटना को भी अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार इन घटनाओं के संबंध में थाना मोहम्मदपुर खाला में मुकदमा अपराध संख्या 443/2026, 433/2026 और 442/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के विरुद्ध इन्हीं तीनों मुकदमों में आपराधिक इतिहास भी दर्ज बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, 3,400 रुपये नकद, तीन आधार कार्ड और वारदात में इस्तेमाल की गई तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं जांच के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में अतिरिक्त निरीक्षक वीर सिंह, उपनिरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह व अनुभव मिश्रा, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश मिश्रा तथा कांस्टेबल प्रवीण पटेल, आशीष कुमार, अमन सचान, शुभम अवस्थी, रवि कुमार और लोकेन्द्र यादव शामिल रहे जिनकी अहम भूमिका रही।
रिपोर्टर नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.