स्वस्थ समाज से ही बनेगा विकसित भारत : सतीश चंद्र शर्मा

बाराबंकी : स्वस्थ समाज ही सशक्त और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव है। जीवन का सबसे बड़ा सुख स्वस्थ शरीर है। जब व्यक्ति स्वस्थ होगा, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में प्रभावी योगदान दे सकेगा। प्रदेश की योगी सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आरोग्य मित्र जनजागरूकता के माध्यम से स्वास्थ्य क्रांति के अग्रदूत बनकर स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह बात रविवार को टीआरसी कॉलेज सतरिख में आरोग्य भारती अवध प्रांत की ओर से आयोजित आरोग्य मित्र प्रशिक्षण कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि आज के समय में बीमारियों से बचाव के लिए उपचार के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बेहद आवश्यक है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी दिनचर्या, खानपान, योग और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहे तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। इसी उद्देश्य को लेकर आरोग्य भारती द्वारा आरोग्य मित्र तैयार करने का प्रयास महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आरोग्य मित्रों की जिम्मेदारी केवल स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज में निरोगी जीवनशैली, योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, संतुलित आहार और स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करेंगे। गांव और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी पहुंचाने में आरोग्य मित्र महत्वपूर्ण कड़ी साबित होंगे।कार्यशाला में बाबू कल्याण सिंह कैंसर इंस्टीट्यूट के निदेशक एमएलबी भट्ट, पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संयोजक एवं वरिष्ठ प्रचारक डॉ. संग्राम सिंह, बाराबंकी के संघचालक आरएस गुप्त, प्रबंधक डॉ. रंजन मिश्र, डॉ. इंद्रेश सिंह तथा कार्यक्रम संयोजिका डॉ. सुचिता चतुर्वेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.