सरस्वती शिशु मंदिर का शानदार प्रदर्शन, संगीत-विज्ञान-सांस्कृतिक महोत्सव में 24 स्वर्ण के साथ बना ओवरऑल चैंपियन
फतेहपुर-बाराबंकी : नगर क्षेत्र स्थित सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में रविवार को संकुल स्तरीय संगीत, विज्ञान और सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। जनपद बाराबंकी संकुल के पाँच विद्यालयों के 221 छात्र-छात्राओं ने संगीत, विज्ञान और सांस्कृतिक विषयों से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
दीप प्रज्वलन से हुई शुरुआत - कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन के साथ हुआ। कार्यक्रम का प्रभारी संचालन वरिष्ठ आचार्य अनिल कुमार वर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रबंधक लाल बहादुर वर्मा, संस्कृति बोध परियोजना के प्रांतीय पूर्णकालिक उत्तम मिश्रा, संकुल प्रमुख एवं प्रधानाचार्य राम सागर तिवारी, प्रधानाचार्य वीरेंद्र वर्मा, कमलेश वर्मा तथा हैदरगढ़ के प्रधानाचार्य सत्येंद्र गुप्ता सहित अनेक आचार्य मौजूद रहे।
संस्कृति बोध परियोजना के प्रांतीय पूर्णकालिक उत्तम मिश्रा ने कहा कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करना सरल हो सकता है, लेकिन उस शिखर पर निरंतर बने रहना बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए वाणी का संयम होना और विनम्रता से समाज में उत्तम स्थान प्राप्त किया जा सकता है।
फतेहपुर का दबदबा - 76 में से 76 पदक -
प्रतियोगिता परिणामों में सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, फतेहपुर के 76 प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 24 स्वर्ण, 32 रजत और 20 कांस्य कुल 76 पदक प्राप्त कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता।
वहीं सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, रामसनेहीघाट के 67 प्रतिभागियों ने 18 स्वर्ण, 30 रजत, 19 कांस्य, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, केसरगंज के 67 प्रतिभागियों ने 10 स्वर्ण, 30 रजत, 27 कांस्य, हैदरगढ़ के 6 प्रतिभागियों ने 5 स्वर्ण, 1 कांस्य और सरस्वती शिशु मंदिर, डकोली के 9 प्रतिभागियों ने 1 स्वर्ण, 6 रजत, 2 कांस्य पदक हासिल किए।
समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष विजय कुमार जैन, संस्कृति प्रमुख राम सागर तिवारी ने सभी प्रतिभागियों, आचार्य बंधु-बहनों और विजेताओं को बधाई दी और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक 'वन्दे मातरम्' गायन के साथ भव्य एवं गरिमामय रूप से हुआ।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.