लेखपालों ने रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय में जमा किये अतिरिक्त बस्ते, होगा कार्य प्रभावित

फतेहपुर/बाराबंकी : लंबित मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की तहसील शाखा फतेहपुर के लेखपालों ने मंगलवार को विरोध दर्ज कराते हुए अतिरिक्त क्षेत्रों का बस्ता तहसील में जमा कर दिया। संघ की ओर से पहले ही शासन और राजस्व परिषद को चेतावनी दी गई थी कि 22 सितंबर तक मांगों का समाधान नहीं होने पर लेखपाल अतिरिक्त हलकों का कार्य छोड़ देंगे।

लेखपालों के बस्ता जमा करने से राजस्व विभाग में अतिरिक्त क्षेत्रों से जुड़े कार्य प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि लेखपालों पर लगातार कार्यभार बढ़ाया जा रहा है, जबकि संसाधनों और सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा अन्तर्मण्डलीय स्थानांतरण, पदोन्नति, परीक्षा परिणाम एवं स्थायीकरण, भत्तों में वृद्धि तथा अतिरिक्त पटलों से अवमुक्त किए जाने जैसी मांगें लंबे समय से लंबित हैं।

संघ ने करीब 2700 लेखपालों के अन्तर्मण्डलीय स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की है। वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करने और वर्ष 2024 में नियुक्त लेखपालों की परीक्षा का परिणाम घोषित कर स्थायीकरण कराने की मांग भी प्रमुख है। लेखपालों ने स्टेशनरी भत्ता बढ़ाने, मोटरसाइकिल एवं विशेष भत्ता स्वीकृत करने की मांग रखी है।

इसके साथ ही ग्राम सचिवालयों में लेखपालों के लिए अलग कक्ष, कंप्यूटर, इंटरनेट और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गई है। बढ़ते ऑनलाइन कार्य को देखते हुए लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित कर लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने तथा प्रारंभिक वेतनमान में ग्रेड पे-2800 किए जाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों का समाधान होने तक अतिरिक्त क्षेत्रों का कार्य नहीं किया जाएगा। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को अतिरिक्त क्षेत्र का बस्ता तहसील में जमा कर दिया गया है। अब शासन स्तर से मांगों पर होने वाली कार्रवाई पर लेखपाल संघ की अगली रणनीति निर्भर करेगी।
रिपोर्टर नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.