कल्याणी नदी उफनाई सैकड़ों बीघा धान की फसल जलमग्न*
मसौली/बाराबंकी : दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते कल्याणी नदी उफान पर आ गई है। नदी का जलस्तर बढ़ने से किनारे और निचले इलाकों के खेतों में पानी भर गया जिससे सैकड़ों बीघा धान की फसल जलमग्न हो गई है। लगातार बारिश जारी रहने से किसानों को फसल बर्बाद होने की चिंता सताने लगी है। कल्याणी नदी के बढ़े जलस्तर का असर मसौली, लहबड़पुरवा, मेंढिया, अमदहा, मुंजापुर, देवकलिया, टेरासनी, बांसा और नियामतपुर समेत आसपास के गांवों में दिखाई दे रहा है। नदी किनारे स्थित खेतों में पानी भरने से धान की तैयार होती फसल डूब गई है। खेतों तक जाने वाले रास्तों पर भी जलभराव होने से किसानों को फसल की स्थिति देखने में परेशानी हो रही है। किसानों का कहना है कि यदि खेतों में कई दिनों तक पानी भरा रहा तो तैयार होने की ओर बढ़ रही धान की फसल को भारी नुकसान हो सकता है। बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए किसान लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मौके पर टीम भेजकर फसल नुकसान का स्थलीय निरीक्षण और आकलन कराने तथा नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.