हॉकी में भिड़े चार टीमें, गांधी क्लब ए और नेबलेट स्कूल बी ने जीता मैच
बाराबंकी : गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट द्वारा आयोजित महात्मा गांधी सप्ताह के चौथे दिन रविवार को बंकी के खेल मैदान में हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व खिलाड़ी एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव धनंजय शर्मा तथा सामाजिक कार्यकर्ता साकेत संत मौर्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने का आह्वान किया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला गांधी क्लब ए और नेबलेट स्कूल टीम ए के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में गांधी क्लब ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेबलेट स्कूल टीम ए को 3-2 से पराजित कर जीत दर्ज की। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। दूसरा मुकाबला गांधी क्लब बी और नेबलेट स्कूल टीम बी के बीच हुआ। कड़े संघर्ष वाले इस मैच में नेबलेट स्कूल टीम बी ने गांधी क्लब बी को 2-1 से हराकर जीत अपने नाम की। मुकाबले के अंतिम मिनटों तक दर्शकों में उत्सुकता बनी रही और खिलाड़ियों के शानदार खेल पर खूब तालियां बजीं। आज सेमीफाइनल और फाइनल मैच खेला जाएगा। इस मौके पर मुख्य अतिथि धनंजय शर्मा ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। साकेत मौर्य ने कहा गांधी जयंती सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना तथा गांधीजी के स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। प्रतियोगिता के आयोजन में गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट के संयोजक एवं वरिष्ठ गांधीवादी चिंतक राजनाथ शर्मा, ट्रस्ट अध्यक्ष मो. उमेर किदवई, विनय कुमार सिंह, पाटेश्वरी प्रसाद, विजय कुमार सिंह श्मुन्नाश् तथा अन्य पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान गांधी क्लब के अध्यक्ष सलाउद्दीन किदवाई, मुजीब अहमद, जेपी गुप्ता, सभासद सतीश जायसवाल, रियाज अहमद, अंजार अंसारी, अखलाद अंसारी, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.