बाढ़ प्रभावित गाँव हेतमापुर में मुफ्त चिकित्सकीय शिविर का आयोजन
फतेहपुर,बाराबंकी : जमीयत उलमा बाराबंकी की ओर से तहसील रामनगर के बाढ़ प्रभावित गांव हेतमापुर में मुफ्त चिकित्सकीय शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों बाढ़ प्रभावित लोगों ने लाभ उठाया। कैम्प में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों का चिकित्सकीय परीक्षण किया और आवश्यकता के अनुसार उन्हें मुफ्त दवाइयां भी उपलब्ध कराईं। इस अवसर पर जमीयत उलमाए हिंद बाराबंकी के जिला सचिव मौलाना सैयद मो. अजहर कासमी ने कहा कि जमीयत उलमा हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना सैयद महमूद मदनी के निर्देश पर प्राकृतिक आपदाओं और कठिन परिस्थितियों में प्रभावित लोगों की सहायता और सेवा का सिलसिला जारी रखा जाता है। उन्होंने कहा कि हेतमापुर का चिकित्सा कैम्प जामिया दारुर्रशाद बंकी के महतमिम मौलाना सैयद अब्दुल हमीद कासमी, उपाध्यक्ष जमीयत उलमा बाराबंकी, के संरक्षण और मौलाना मुहम्मद जमाल कासमी, महासचिव जमीयत उलमा बाराबंकी, के प्रयासों से लगाया गया और इस तरह के कैम्पों का उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सकीय सुविधाएं पहुंचाना और मानवसेवा करना है। उन्होंने कहा कि खिदमाते-खल्क एक महान इबादत है। इंसानों की तकलीफ दूर करने और जरूरतमंदों की मदद करने से समाज में हमदर्दी, प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के समय प्रभावित लोगों को अकेला छोड़ने के बजाय उनकी हर संभव मदद करना हम सबकी जिम्मेदारी है। जमीयत उलमा हिंद बाराबंकी के नाजिम-ए-तंजीम मौलाना शादाब कासमी शहाबपुरी ने कहा कि ऐसे चिकित्सा और राहत कैम्प जरूरतमंदों के लिए बड़ी सुविधा का माध्यम बनते हैं और इनसे आपसी भाईचारे और बंधुत्व को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने अहले-खैर से अपील की कि बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आएं और अपनी क्षमता के अनुसार उनका सहयोग करें।चिकित्सकीय शिविर की अगुवाई करते हुए डॉ. एस.एम. आलम, निर्देशक एबीसी हॉस्पिटल बाराबंकी ने बताया कि लगभग 300 से अधिक मरीजों का परीक्षण करके मुफ्त दवा उपलब्ध कराई गई। मुहम्मद नाजिम, मुहम्मद मिनहाज, मुहम्मद कैफ ने पंजीकरण और फार्मेसी की जिम्मेदारी संभाली। अमीनुद्दीन अंसारी ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.