सूरतगंज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो वांछित गिरफ्तार, चोरी का सिलेंडर, मोबाइल व बाइक बरामद
बाराबंकी/सूरतगंज : अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने रविवार को चोरी की घटनाओं में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का गैस सिलेंडर, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चोरी की स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल और 2,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूरतगंज के पास से मो. अनीश पुत्र मो. रफीक निवासी मोहम्मदिया मस्जिद के सामने कस्बा सूरतगंज तथा मो. शादाब पुत्र मोहब्बत अली निवासी मिडिल स्कूल के पास कस्बा सूरतगंज को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ व जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 13 सितंबर 2026 को थाना क्षेत्र के एक खेत से पम्पिंग सेट (इंजन) चोरी किया था। इसके अलावा 30 सितंबर की रात पंचमुखी मंदिर की रसोई से गैस सिलेंडर चोरी करने की घटना में भी उनकी संलिप्तता सामने आई है। दोनों मामलों में थाना मोहम्मदपुर खाला में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद रियलमी और वनप्लस के दो मोबाइल फोन के संबंध में बताया कि ये सूरतगंज स्थित एक घर से 1/2 अक्टूबर की रात चोरी किए गए थे। वहीं बरामद स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या UP 32 JA 2381 के बारे में पुलिस ने बताया कि इसे 10 सितंबर को लखनऊ के इंदिरा नगर क्षेत्र से चोरी किया गया था। बरामदगी में एक गैस सिलेंडर, दो मोबाइल फोन, चोरी की स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल और 2,500 रुपये नकद शामिल हैं।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अनुभव मिश्रा तथा कांस्टेबल अमन सचान, शुभम अवस्थी और अमन शामिल रहे।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.