सेवा संकल्प अभियान में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा, चित्रकला प्रदर्शनी में दिखी रचनात्मकता
बाराबंकी : सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में जनपद स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी कल्पनाशीलता, प्रतिभा और सामाजिक सरोकारों को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियां प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण रहीं।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति सतीश चन्द्र शर्मा ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को उचित मंच और प्रोत्साहन मिलना जरूरी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने कहा कि बच्चों की रचनात्मक अभिव्यक्ति उनके व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। कुर्सी विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ कला एवं सृजनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर प्रशासक जिला पंचायत राजरानी रावत, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह ‘भुल्लन वर्मा’ तथा पूर्व विधायक शरद अवस्थी मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों की सराहना की और उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।प्रतियोगिताओं में इन विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान बेसिक शिक्षा विभाग की पोस्टर प्रतियोगिता में निंदूरा ब्लॉक की दिव्यांशी ने प्रथम, देवा ब्लॉक की नाजरीन बानो ने द्वितीय तथा बंकी ब्लॉक की शुभी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। माध्यमिक शिक्षा विभाग की पोस्टर प्रतियोगिता में वर्तिका सिंह प्रथम, अभिजीत प्रताप सिंह द्वितीय तथा धृति श्रीवास्तव तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में यशी शुक्ला प्रथम, अदिति सिंह द्वितीय और वंशिका पटेल तृतीय स्थान पर रहीं। निबंध प्रतियोगिता में नेहा वर्मा ने प्रथम, माही मौर्य ने द्वितीय तथा मरहबा आफरीन ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के संयोजक भाजपा जिला महामंत्री विजय आनंद बाजपेई ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता आशीष पाठक ने किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत बेसिक शिक्षा विभाग से नोडल खंड शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र सिंह एवं सह-नोडल फिजा मिर्जा, जबकि माध्यमिक शिक्षा विभाग से नोडल नंदिता सिंह एवं अशोक कुमार त्रिपाठी ने कार्यक्रम के समन्वय एवं आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह, मीडिया प्रभारी दिलीप तिवारी, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री अरुणेंद्र वर्मा ‘मुन्ना’, यूटा जिलाध्यक्ष आशुतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.