गलत साधनों से सही मंजिल नहीं मिल सकती: सीपी चंद

बाराबंकी : गांधी को केवल पढ़ना और उनके विचारों पर चर्चा करना पर्याप्त नहीं है।बल्कि उनके सिद्धांतों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। सफलता की मंजिल कितनी भी बड़ी हो उसे पाने के लिए गलत साधनों का सहारा नहीं लिया जा सकता। साध्य के साथ साधनों की पवित्रता भी जरूरी है। यह बात बुधवार को गांधी जयंती सप्ताह के समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य सीपी चंद ने कही। गांधी भवन में आयोजित समारोह के दौरान गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट की ओर से वरिष्ठ पत्रकार एवं गांधीवादी अध्येता राहुल देव को महात्मा गांधी सम्मान तथा वरिष्ठ पत्रकार नवीन जोशी को आचार्य नरेंद्र देव सम्मान से अलंकृत किया गया। इससे पूर्व सीपी चंद, राहुल देव, नवीन जोशी और पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सीपी चंद ने कहा कि जैसा साध्य होता है, साधन भी उसी अनुरूप होने चाहिए। गांधी का रास्ता हमें लक्ष्य के साथ उसे प्राप्त करने के साधनों की पवित्रता का संदेश देता है। गांधी को पढ़ने और समझने से अधिक जरूरी है कि उनके विचार हमारे आचरण का हिस्सा बनें। वरिष्ठ पत्रकार एवं गांधीवादी चिंतक राहुल देव ने कहा कि विश्व में महात्मा गांधी को जो सम्मान मिला, वह उनके विचारों की व्यापक स्वीकार्यता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आज का हिंदुस्तान बच्चों के हाथों में है और भारत के निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी नई पीढ़ी पर है। बच्चों को गांधी के जीवन और विचारों से परिचित कराना होगा। तभी ऐसे आयोजनों की वास्तविक सार्थकता होगी। वरिष्ठ पत्रकार नवीन जोशी ने कहा कि समय बदलने के बावजूद गांधी के सत्य, अहिंसा, सद्भाव और सामाजिक एकता के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। गांधी सप्ताह नई पीढ़ी को इन विचारों से जोड़ने का अभियान है। समारोह में सीपी चंद और अरविंद सिंह गोप ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को पुरस्कार व उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम अध्यक्ष मो. उमेर किदवई ने बच्चों की सहभागिता की सराहना की। संचालन पाटेश्वरी प्रसाद ने किया। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक राजनाथ शर्मा, शिवशंकर शुक्ला, हुमायूं नईम खान, टोरेंट गैस लि. के जनरल मैनेजर रजनीश उपाध्याय, मैनेजर वैभव अग्निहोत्री, अशोक शुक्ला, विजय प्रताप सिंह, अश्वनी शर्मा ‘शिवा’, आशीष श्रीवास्तव, ज्ञान सिंह यादव, उमेश रावत एडवोकेट, तौकीर कर्रार, असद उमर अंसारी, अरुण पाण्डेय, विनय कुमार सिंह, मृत्युंजय शर्मा, शऊर कामिल किदवई, अदिति शर्मा, अनवर महबूब किदवई, मो. सईद, आद्या शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.