पितृपक्ष पर रेनू वर्मा की अनूठी पहल, राजकीय इंटर कॉलेज को दान किए 15 छत के पंखे

सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी :पितृपक्ष के पावन अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रेनू वर्मा ने सेवा और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश की। शुक्रवार को उन्होंने अपने दिवंगत ससुर एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. बेनी प्रसाद वर्मा तथा पति स्व. दिनेश कुमार वर्मा की स्मृति में राजकीय इंटर कॉलेज सिरौलीगौसपुर को 15 छत वाले पंखे दान किए। उनके इस प्रयास से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को गर्मी से राहत मिलने के साथ पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रेनू वर्मा ने कहा कि पितृपक्ष में दान-पुण्य की विशेष परंपरा है। दान का वास्तविक महत्व तभी है, जब उससे जरूरतमंदों और समाज को सीधा लाभ मिले। इसी भावना के साथ उन्होंने विद्यालय को पंखे दान करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के कारण कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। पंखे लगने से विद्यार्थियों को राहत मिलेगी और वे बेहतर वातावरण में शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विजय कृष्ण यादव ने इस सहयोग के लिए ब्लॉक प्रमुख रेनू वर्मा और उनके परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय को मिले पंखे छात्र-छात्राओं के लिए उपयोगी साबित होंगे और शिक्षण कार्य को सुविधाजनक बनाने में मदद करेंगे। कार्यक्रम में रवि वर्मा, जिला पंचायत सदस्य विजय कुमार यादव, क्षेत्र पंचायत सदस्य असीम श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान पंकज यादव, संजय यादव, जितेंद्र यादव, कोकिल वर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.