नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों भक्तों ने की मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना

 

सिरौलीगौसपुर बाराबंकी- शारदीय नवरात्र पर्व के प्रथम दिन क्षेत्र के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।हजारों श्रद्धालुओं ने मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, रोजी-रोजगार में बरकत और जीवन में खुशहाली की कामना की। क्षेत्र के कोटवाधाम स्थित बसंता फूफू मंदिर, अमरा कटेहरा स्थित कटेहरा भवानी मंदिर, अमरा देवी स्थित धामसी देवी मंदिर, बदोसरांय के मातन मंदिर, मरकामऊ स्थित मां दुर्गा मंदिर, सिरौलीगौसपुर तथा रसूलपुर स्थित शेरावाली के दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। इन मंदिरों में स्थानीय क्षेत्र के अलावा गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर और बाराबंकी सहित अन्य जनपदों से भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में भक्तिमय माहौल रहा।श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। मंदिरों के आसपास भी चहल-पहल बनी रही।

सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही पुलिस
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए बदोसरांय कोतवाली पुलिस सतर्क नजर आई। प्रभारी निरीक्षक राम अवतार सरोज, रवि सरोज सहित पुलिस बल ने कोटवाधाम, अमरा कटेहरा और अन्य प्रमुख देवी मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिसकर्मियों ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली, ताकि श्रद्धालु सुगमता से दर्शन-पूजन कर सकें।


रिपोर्टर नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.