बाराबंकी के 16,500 किसानों को मिलेगी 4.64 करोड़ की फसल क्षतिपूर्ति राशि
फतेहपुर - बाराबंकी प्राकृतिक आपदा से हुए फसल नुकसान की भरपाई के लिए फतेहपुर, बाराबंकी में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने बताया कि क्षेत्र के 16,500 प्रभावित किसानों को कुल चार करोड़ 64 लाख रुपये की फसल क्षतिपूर्ति राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से प्रदेश के प्रभावित किसानों के बैंक खातों में यह धनराशि ट्रांसफर की। विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार किसानों के हितों के लिए लगातार काम कर रही है। प्राकृतिक आपदाओं से किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने बताया कि इस सहायता राशि से किसानों को राहत मिलेगी और उन्हें नुकसान से उबरने में मदद मिलेगी। विधायक ने कम समय में सहायता पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार भी जताया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह, तहसीलदार वैशाली अहलावत, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के किसान मौजूद रहे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इस कदम को प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के लिए राहत भरा बताया।
रिपोर्टर - नफीस अहमद

No Previous Comments found.