नवरात्रि के दूसरे दिन कोटवाधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी : शारदीय नवरात्रि पर्व के दूसरे दिन सोमवार को क्षेत्र के प्रमुख देवी मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।कोटवाधाम में आस्था का जनसैलाब देखने को मिला।हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र आभरण सरोवर में आचमन कर स्वामी जगजीवन दास साहेब (बड़े बाबा) की समाधि पर चादर और प्रसाद चढ़ाया। भक्तों ने मनवांछित फल की प्राप्ति के साथ विश्व मानव कल्याण की कामना की।इसके बाद श्रद्धालुओं ने बसंता फूफू मंदिर में देवी मां को चुनरी और प्रसाद अर्पित कर आशीर्वाद लिया।

नवरात्रि के दूसरे दिन व्रत रखने वाले महिला, पुरुष और बच्चों ने मां ब्रह्मचारिणी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुबह से ही मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। कोटवाधाम में उमड़ी भीड़ के चलते मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पूरे दिन चहल-पहल बनी रही। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर में विशेष सतर्कता बरती गई।
सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही पुलिस
कोटवाधाम मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बदोसराय कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राम अवतार सरोज के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। उपनिरीक्षक सुरेश कुमार त्रिपाठी, रवि सरोज और अशोक कुमार यादव सहित पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.