मिशन शक्ति शिविर में सौ से अधिक वृद्धों और दिव्यांगजनों का पंजीकरण

मसौली/बाराबंकी : पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी के निर्देशन में थाना सफदरगंज में मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत आयोजित दो दिवसीय वृद्ध एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण शिविर में सौ से अधिक लोगों का पंजीकरण किया गया।शिविर का उद्देश्य जरूरतमंदों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी की अगुवाई में एलिम्को संस्था द्वारा आयोजित शिविर में संस्था के प्रतिनिधि लालू प्रसाद ने सफदरगंज थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया। इस दौरान मिशन शक्ति प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक यमुना प्रसाद पांडेय, उपनिरीक्षक सुधीर तिवारी, आरक्षी विशाल सिंह, मयंक और महिला आरक्षी काजल ने ग्रामीणों से संवाद कर पंजीकरण प्रक्रिया में सहयोग किया। संस्था के अमित मिश्रा और लालू प्रसाद ने बताया कि शिविर के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों महिलाओं और दिव्यांगजनों को चिह्नित कर उनकी आवश्यकताओं के अनुसार कान की मशीन वॉकिंग स्टिक वॉकर कमोड बोर्ड ट्राई साइकिल बैटरी चालित साइकिल और ब्रेल स्टिक सहित विभिन्न सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल से जरूरतमंदों को राहत मिलने के साथ ही उन्हें दैनिक जीवन में अधिक सुविधाजनक और आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी। साथ ही पुलिस और सामाजिक संस्थाओं के प्रति आमजन का विश्वास भी मजबूत होगा।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.