विलुप्त हो रही अवधी लोक कला को संजो रहा है कला संरक्षण संस्थान
विलुप्त हो रही अवधी लोक कला को संजो रहा है कला संरक्षण संस्थान, नेशनल इंटर कॉलेज में हुई कार्यशाला
फतेहपुर- बाराबंकी अवधी कला संरक्षण एवं शोध संस्थान द्वारा लोक कला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रमुख वक्ता के रूप में नेशनल इंटर कॉलेज के चित्रकला प्रवक्ता श्री रणविजय ने प्राचीन काल से लेकर आधुनिक युग तक की लोक कला की यात्रा पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला में संस्थान के कलाकारों द्वारा किए गए शोधपरक चित्रों का प्रदर्शन भी किया गया। प्रदर्शित चित्र अवधी शैली के उन प्रमुख चित्रकारों द्वारा बनाए गए हैं जो मूलतः फतेहपुर तहसील के निवासी हैं, जिनमें प्रमुख रूप से आराधना वर्मा, अंजली वर्मा, अन्नपूर्णा वर्मा (छात्रा एवं कलाकार, राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश), सोनाक्षी यादव (प्रवक्ता चित्रकला, लेफ्टिनेंट अनिरुद्ध शुक्ल पीजी कॉलेज), रीना रजक एवं मोहम्मद तौफीक शामिल हैं। कलाकारों ने प्राप्त साक्ष्यों और प्रमाणों के आधार पर अवध शैली की लोक चित्रकला परंपरा पर चित्रांकन करने के पश्चात उसकी विधि और विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर नेशनल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रामू मौर्य ने संस्थान के निदेशक विनोद सिंह सहित समस्त कलाकारों को बधाई दी और कहा कि आने वाली पीढ़ी को भी हमारी प्राचीन परंपराओं और लोक कलाओं से जुड़ना चाहिए, लोक कलाएं हमारे समाज की आत्मा होती हैं।
अवधी कला संरक्षण एवं शोध संस्थान के निदेशक विनोद सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के अवध क्षेत्र की विलुप्त हो चुकी लोक कलाओं को संरक्षण देने और जीवंत करने के लिए हम और हमारे साथ सैकड़ों कलाकार काम कर रहे हैं, जिनका मूल उद्देश्य लोक कलाकारों को प्रोत्साहित करना और उन्हें एक मंच प्रदान करना है जहां वे स्वरोजगार से जुड़ सकें और कला क्षेत्र में अपना अमिट योगदान दे सकें। उन्होंने बताया कि गर्व की बात है कि उत्तर प्रदेश के बाराबंकी और सीतापुर जिले में प्रचलित करवाचौथ के अवसर पर करवा चित्रों का प्रचलन है, जिसकी बनावट, रंग और आकारों की प्रमुख विशेषता रही है। यह चित्र हमारे क्षेत्र और समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं।
उन्होंने बताया कि आगामी नवंबर में लोक कला को और जीवंत करने के लिए अवधी शैली में चित्रित चित्रों का प्रदर्शन नेशनल इंटर कॉलेज में किया जाएगा एवं इसकी भव्य प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। संस्थान के महानिदेशक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित राजेंद्र प्रसाद जी ने सभी को बधाई और शुभकामनाएँ प्रेषित की।
संपूर्ण आयोजन को सफल बनाने में नेशनल इंटर कॉलेज के समस्त प्रवक्ता बंधुओं का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर कार्यशाला के संयोजक राजकुमार सहित कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
रिपोर्टर नफीस अहमद

No Previous Comments found.