दरगाह देवा शरीफ परिसर में दुकानों पर रोक लगाने की मांग,अहमद शहनशाह ने डीएम को सौंपा ज्ञापन अहमद शहनशाह ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और परिसर की पवित्रता बनाए रखने की उठाई मांग

बाराबंकी :  दरगाह देवा शरीफ परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धार्मिक स्थल की पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से परिसर के अंदर दुकानों, होटलों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है। इस संबंध में दरगाह देवा शरीफ के हाजी वारिस अली शाह मौसोलियम ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं जिला पंचायत सदस्य मुहम्मद अहमद ‘शहनशाह’ ने जिलाधिकारी बाराबंकी को प्रार्थना पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि दरगाह परिसर के अंदर बिजली, गैस चूल्हे, भट्ठी और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के इस्तेमाल से आग लगने जैसी गंभीर घटनाओं की आशंका बनी रहती है।भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थल पर इस तरह की गतिविधियों से जन-धन की हानि होने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भी खतरा उत्पन्न हो सकता है। अहमद (शहनशाह) ने प्रार्थना पत्र में पूर्व में धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ज्वलनशील पदार्थों के कारण हुई दुर्घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाना जरूरी है। उन्होंने दरगाह परिसर के भीतर फूल-चादर की दुकानों सहित किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि पर रोक लगाने की मांग की है।ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की अपील की है।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.