मां दुर्गा जागरण में भजनों पर झूमे श्रद्धालु रातभर गूंजे माता के जयकारे

मसौली/बाराबंकी : श्री दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान कस्बा मसौली के कटरा भवानी नीम चबूतरा पर गुरुवार देर रात भव्य जागरण का आयोजन किया गया। इसमें संकीर्ति कृष्णा जागरण परिवार के कलाकारों ने विभिन्न देवी देवताओं की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जागरण ग्रुप के कलाकार मास्टर शिवा ने मां का आवाहन और दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने गणपति राखो मेरी लाज, पूर्ण कीजो मेरो काज, भजन प्रस्तुत किया। लखनऊ से आईं कीर्ति शर्मा ने चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है,भजन सुनाकर भक्तों में उत्साह भर दिया। वहीं सुल्तानपुर से आए मोहन रसिक ने प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी, सहित अन्य भेंटें प्रस्तुत कीं। मां चुप है बेटा रोता है, ऐसा जग में कब होता है, जैसे भावपूर्ण भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरी रात चले जागरण में कलाकारों की प्रस्तुतियों पर भक्त झूमते रहे और माता के जयकारे लगाते रहे। इससे पूर्व भगवान श्रीकृष्ण राधा मां काली के विकराल स्वरूप शिव पार्वती सुदामा चरित हनुमान जी के विशाल स्वरूप राम लक्ष्मण सीता तथा मां दुर्गा की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। इस अवसर पर अध्यक्ष रतन प्रकाश वर्मा, उपाध्यक्ष सानू यादव, कोषाध्यक्ष विंधेश्वरी वर्मा, सचिव अमित कुमार पटेल और अंकित वर्मा सहित अन्य माता रानी के भक्त गण मौजूद रहे।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.