फतेहपुर में बस स्टॉप बनाने की मांग को लेकर ग्राम पंचायत सदस्य संघ ने परिवहन मंत्री को सौंपा ज्ञापन
बाराबंकी : जनपद बाराबंकी की तहसील फतेहपुर में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा क्षेत्रीय जनता की आवागमन संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग तेज हो गई है। ग्राम पंचायत सदस्य संघ उत्तर प्रदेश ने प्रदेश महासचिव नीरज शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से उनके लखनऊ स्थित उनके आवास पर मुलाकात की और जनपद बाराबंकी की परिवहन समस्याओं को अवगत कराते हुए उन्हें एक मांग पत्र दिया। संगठन के प्रदेश महासचिव नीरज शर्मा ने परिवहन मंत्री को अवगत कराते हुए बताया की आजादी के 75 वर्षों के बाद भी तहसील फतेहपुर में एक स्थाई बस स्टॉप न होने से यात्रियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि तहसील फतेहपुर क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं व्यावसायिक केंद्र है। यहां आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन छात्र-छात्राएं, व्यापारी, किसान, नौकरीपेशा लोग, महिलाएं, बुजुर्ग और अन्य नागरिक विभिन्न कार्यों से आते-जाते हैं। इसके अलावा चिकित्सा, शिक्षा, व्यापार और सरकारी कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोगों को राजधानी लखनऊ की यात्रा भी करनी पड़ती है। इसके बावजूद क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं की कमी के कारण यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
तहसील मुख्यालय पर स्थायी बस स्टॉप बनाने की मांग
संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि फतेहपुर तहसील मुख्यालय पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम का एक स्थायी बस स्टॉप स्थापित कराया जाए। इससे यात्रियों को बसों के इंतजार, चढ़ने और उतरने के लिए निर्धारित एवं सुविधाजनक स्थान मिल सकेगा। बस स्टॉप की व्यवस्था होने से विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि निर्धारित बस स्टॉप न होने के कारण यात्रियों को बस पकड़ने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ सकता है। ऐसे में स्थायी बस स्टॉप की स्थापना को क्षेत्र की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए परिवहन विभाग से इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया गया है…फतेहपुर से कैसरबाग तक वाया माती नियमित बसें चलाने की भी मांग की गई।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.