यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और सरकारी पार्किंग की सुविधा बढ़ाने पर हुई चर्चा

बाराबंकी - आगामी 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले प्रसिद्ध देवा मेला महोत्सव और उर्स कार्तिक दादा मियां के मद्देनजर हाजी वारिस अली शाह मसोलियम ट्रस्ट, दरगाह देवा शरीफ के सरकार द्वारा नामित ट्रस्टी एवं जिला पंचायत सदस्य सिरौलीगौसपुर (द्वितीय) मोहम्मद अहमद ‘शहेनशाह’ ने ARTO बाराबंकी अमिताभ राय से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने अधिकारी को बुके भेंट कर स्वागत किया और दरगाह शरीफ की पवित्र चादर भेंट की। मुलाकात के दौरान शहेनशाह ने आगामी मेले में उमड़ने वाली जायरीनों की भीड़, ट्रैफिक जाम और यातायात संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मेले में आने वाले जायरीनों एवं आम लोगों के सुगम आवागमन के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी।उन्होंने विशेष रूप से अपील की कि मेले के दौरान अनावश्यक रूप से पुलिस बल द्वारा वाहनों को न रोका जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। इसके साथ ही सरकारी पार्किंग की पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था कराने तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से यातायात संचालन को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। अहमद शहेनशाह ने कहा कि देवा मेला आस्था और भाईचारे का महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना आवश्यक है। 

बाराबंकी ARTO अमिताभ राय ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए मेले के दौरान नियमानुसार हरसंभव सहयोग और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस मुलाकात को आगामी देवा मेला महोत्सव में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.