दो अलग अलग हादसों में दो युवकों की मौत एक की पहचान नहीं

मसौली/बाराबंकी : मसौली और सफदरगंज थाना क्षेत्रों में अलगक्षअलग स्थानों पर दो युवकों की मौत हो गई। सफदरगंज क्षेत्र में रेलवे पुल के नीचे 40 वर्षीय युवक का शव गमछे के सहारे लटकता मिला जबकि मसौली क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का क्षत विक्षत शव बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम तुरकानी के निकट लखनऊ अयोध्या रेलमार्ग पर बने अंडरग्राउंड रेलवे पुल के नीचे शनिवार को एक युवक का शव गमछे के सहारे लटकता मिला। शव देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी और हलका प्रभारी सुनील तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर तलाशी ली। मृतक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान पश्चिम बंगाल निवासी पुलिन पाहन के रूप में हुई। उसके पास से लखनऊ हरदोई और संडीला से संबंधित यात्रा टिकट भी मिले। वहीं मसौली थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव के निकट शनिवार को रेलवे ट्रैक पर करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का क्षत विक्षत शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतक ने काले रंग की टी शर्ट और स्लेटी रंग का हाफ पैंट पहन रखा था। थाना प्रभारी छोटेलाल ने बताया कि अज्ञात युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पहचान के लिए आसपास के थानों को शव की तस्वीर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.