क़स्बा फतेहपुर में हुक्का बार के कथित संचालन को लेकर उठे सवाल

फतेहपुर,बाराबंकी : कस्बे में हुक्का बार के कथित संचालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद भगौली रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के बेसमेंट में हुक्का परोसा जा रहा है। यहां किशोरों के हुक्का पीने की बात भी सामने आई है। इससे क्षेत्र की युवा पीढ़ी के स्वास्थ्य और भविष्य को लेकर चिंता जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, भगौली रोड स्थित ‘कैफ क्लाउड किंग’ नामक रेस्टोरेंट में चाइनीज फास्ट फूड और कोल्ड ड्रिंक की आड़ में हुक्का बार संचालित किए जाने का आरोप है। स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि यहां कम उम्र के लड़के भी हुक्का पीते नजर आते हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। बताया गया है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने 29 सितंबर 2026 को रेस्तरां और कैफे में निर्धारित स्मोकिंग एरिया के भीतर भी हुक्का बार संचालित नहीं करने का आदेश जारी किया था। ऐसे में यदि कस्बे में नियमों के विरुद्ध हुक्का परोसा जा रहा है, तो यह जांच का विषय है।

नाबालिगों तक हुक्के की पहुंच को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ रही है। उनका मानना है कि कम उम्र में धूम्रपान जैसी आदतों की शुरुआत किशोरों के स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। ऐसे मामलों में संबंधित प्रतिष्ठानों की जांच और नियमों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है।वहीं, पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रतिष्ठान में इस तरह की गतिविधियां संचालित हो रही हैं, तो इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।इस संबंध में क्षेत्राधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.