शासन को पत्र भेजकर समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
सिरौलीगौसपुर - बाराबंकी राष्ट्रीय जनमानस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा रामनगर क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का भ्रमण कर पीड़ित किसानों और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने घाघरा नदी के किनारे बसे सरदहा गांव में जलमग्न धान की फसलों का मुद्दा सुना, वहीं सरयू नदी की कटान से प्रभावित कोठीडीहा गांव पहुंचकर ग्रामीणों की परेशानियों की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने समस्याओं के निराकरण के लिए उत्तर प्रदेश शासन को पत्र भेजने और समाधान कराने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों के अनुसार, सरदहा गांव में सैकड़ों बीघा क्षेत्रफल में लगी धान की फसल पानी में डूब गई है। इससे किसानों के सामने फसल बर्बाद होने और आर्थिक नुकसान का संकट खड़ा हो गया है। वहीं, कोठीडीहा गांव में सरयू नदी की कटान से प्रभावित ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं प्रतिनिधिमंडल के सामने रखीं। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और शासन स्तर पर उन्हें उठाने की बात कही। भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने साहेब शोभा दास समाधि मंदिर में दर्शन भी किए। इस मौके पर विधानसभा रामनगर की प्रत्याशी शमीमा खातून, प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम बिहारी मणि त्रिपाठी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्यनाम शरण दास, कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार यादव, प्रवक्ता अनिल कुमार यादव और संयोजक रामदत्त रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर - नफीस अहमद

No Previous Comments found.