सैदनपुर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों की गृहस्थी राख, नकदी और सोने-चांदी के जेवर भी जले

बाराबंकी - सिरौलीगौसपुर सैदनपुर गांव में बीती देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक कच्चे मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से लाखों रुपये की गृहस्थी का सामान, करीब 40 हजार रुपये नकद, चार तोला सोना और लगभग 200 ग्राम चांदी के जेवरात जलकर राख हो गए। आग से मकान की एक कोठरी की छत भी गिर गई, जिससे पीड़ित परिवार को भारी नुकसान हुआ है। ग्राम सैदनपुर निवासी आरिफ अंसारी पुत्र गुलाम मोहम्मद के घर में बीती देर रात अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग ने देखते ही देखते घर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। कच्चा मकान होने के कारण आग से कोठरी की छत भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गई। घटना की सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मशूद रियाज ने उच्चाधिकारियों को दी।मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर अनिल कुमार सरोज ने नायब तहसीलदार दिनेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में राजस्व टीम को मौके पर भेजकर आग से हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। आग की घटना से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंची है। अब राजस्व टीम की जांच और नुकसान के आकलन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.