दो पिकअप की आमने सामने टक्कर चालक घायल हाईवे पर एक घंटे लगा जाम
मसौली - बाराबंकी-रामनगर हाईवे पर बड़ागांव मोड़ के निकट दो पिकअप वाहनों की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक पिकअप चालक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी बड़ागांव में भर्ती कराया। दुर्घटना में एक पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार रामनगर थाना क्षेत्र के सुढ़ियामऊ गांव निवासी मोहम्मद लाइक उर्फ लकी (25) पुत्र मोहम्मद शमी पिकअप लेकर रामनगर से बाराबंकी की ओर जा रहे थे। बड़ागांव मोड़ के निकट सामने से आ रही दूसरी पिकअप से उनकी गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी पिकअप पर मुर्गे का दाना लदा था। उसे बहराइच जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गेलही मजरे धर्मनगर निवासी मेराज खान पुत्र मोहम्मद मोबिन खान चला रहे थे और बहराइच की ओर जा रहे थे। टक्कर में मोहम्मद लाइक उर्फ लकी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची मसौली पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए सीएचसी बड़ागांव पहुंचाया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त पिकअप को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
रिपोर्टर - नफीस अहमद

No Previous Comments found.