बाराबंकी में 2,500 परिवारों को जल्द मिलेंगे PNG गैस कनेक्शन, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

बाराबंकी : जनपद में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) नेटवर्क के विस्तार और अधिक से अधिक परिवारों को पीएनजी गैस सुविधा से जोड़ने के लिए सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित गैस कनेक्शन शीघ्र जारी करने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए…बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक लगभग 7,000 परिवार खाना पकाने के लिए पीएनजी गैस का उपयोग कर रहे हैं, जबकि 9,500 परिवारों ने पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया है। इस प्रकार करीब 2,500 परिवारों को कनेक्शन जारी किया जाना शेष है।जिलाधिकारी ने शेष परिवारों को जल्द से जल्द गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को नगरपालिका, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जिला पंचायत तथा विनियमित क्षेत्र के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने को कहा। पीएनजी कनेक्शन लेने पर एलपीजी कनेक्शन करना होगा समर्पित बैठक में बताया गया कि नई व्यवस्था के तहत पीएनजी कनेक्शन लेने वाले परिवारों को अपना एलपीजी कनेक्शन समर्पित करना होगा। दोनों घरेलू गैस कनेक्शन एक साथ नहीं रखे जा सकेंगे। इस संबंध में टोरंट गैस लिमिटेड और तेल कंपनियों के स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। 21 रिटेल आउटलेट से मिल रही सीएनजी बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जनपद में 21 रिटेल आउटलेट के माध्यम से वाहनों को सीएनजी की आपूर्ति की जा रही है। गैस नेटवर्क के विस्तार और उपभोक्ताओं को समय से कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने पर जोर दिया गया।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.