सूफियाना रूहानियत, सांस्कृतिक उल्लास और अमन के पैगाम से महका देवा मेला-2026

बाराबंकी :  सूफी संत हजरत हाजी वारिस अली शाह की रूहानी सरजमीं पर मंगलवार को ऐतिहासिक देवा मेला-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। शेख मोहम्मद हसन गेट पर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की धर्मपत्नी एवं आईएएस अधिकारी श्रीमती रिया केजरीवाल ने फीता काटकर मेले का विधिवत उद्धघाटान किया। इसके उपरांत सफेद कबूतर उड़ाकर अमन, शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया गया। उद्घाटन अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, मेला कमेटी के सदस्यगण सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कौमी एकता और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक है देवा मेला देवा मेला केवल मनोरंजन और खरीदारी का आयोजन नहीं, बल्कि साझा संस्कृति, आपसी प्रेम और सामाजिक समरसता की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। हजरत हाजी वारिस अली शाह की शिक्षाओं से जुड़ा यह मेला धर्म और समुदाय की सीमाओं से ऊपर उठकर इंसानियत, सहिष्णुता और भाईचारे का संदेश देता है। उद्घाटन के दौरान सफेद कबूतर उड़ाने का दृश्य शांति और सद्भाव की इसी भावना का प्रतीक बना। मेले में रंग-बिरंगी दुकानों, आकर्षक झूलों, मनोरंजन के साधनों और पशु बाजार में भी रौनक दिखाई दी। बच्चों की चहल-पहल, जायरीन की आवाजाही और पारंपरिक सजावट ने मेले की भव्यता को और बढ़ा दिया। देवा मेले की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डीएम बोले—साझा विरासत और सामाजिक समरसता का उत्सव है देवा मेला जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने देवा मेले को समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता का अनुपम प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और इंसानियत के शाश्वत मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। देश-विदेश से आने वाले जायरीन, श्रद्धालु और पर्यटक यहां विविधता में एकता की भारतीय परंपरा का अनुभव करते हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि मेले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित, सुगम और सुखद वातावरण मिले तथा इस ऐतिहासिक आयोजन की गरिमा बनी रहे। 28 अक्टूबर को हॉकी प्रतियोगिता और मोहम्मद दानिश की म्यूजिकल नाइट देवा मेला-2026 में बुधवार, 28 अक्टूबर को भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूर्वाह्न 11 बजे से शाम 4 बजे तक खेलकूद मैदान में हॉकी प्रतियोगिता तथा ऑडिटोरियम में माध्यमिक शिक्षा विभाग के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। शाम 4 बजे से 7 बजे तक सुगम संगीत का आयोजन किया जाएगा। वहीं, शाम 7 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक इंडियन आइडल फेम मोहम्मद दानिश की म्यूजिकल नाइट दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगी।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.