मिशन शक्ति टीम की पहल से पारिवारिक विवाद सुलझा, पिता अपनी बेटी को खुशी-खुशी घर ले गए
दरियाबाद बाराबंकी : कोतवाली दरियाबाद की मिशन शक्ति टीम की पहल पर मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को एक पारिवारिक विवाद का आपसी सहमति से समाधान कराया गया। काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों ने आपसी मतभेद दूर कर सुलह-समझौते का निर्णय लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जेटहा निवासी राम कैलाश ने अपनी पुत्री पदमा, पत्नी धर्मानंद के संबंध में थाने पर प्रार्थना पत्र दिया था। मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा था। इस पर मिशन शक्ति टीम ने संबंधित पक्ष को थाने बुलाकर दोनों पक्षों की काउंसलिंग की। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराकर आपसी मतभेद दूर करने का प्रयास किया गया। इसके बाद दोनों पक्ष बिना किसी दबाव के आपसी सहमति से सुलह-समझौते के लिए तैयार हो गए। उन्होंने आगे मिल-जुलकर रहने का निर्णय लिया और किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहने की बात कही। इसके बाद पिता अपनी बेटी को खुशी-खुशी घर ले गए।
इस दौरान मिशन शक्ति टीम के वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमेश यादव और महिला कांस्टेबल कुसुम, कांस्टेबल अवधेश कुमार मौजूद रहे। दोनों पक्षों ने मिशन शक्ति टीम के प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.