रामनगर में श्रीराम कथा का भव्य आगाज, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा नगर!
बाराबंकी/रामनगर : धर्म और आस्था की पावन नगरी रामनगर में मंगलवार को भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। पुरानी तहसील परिसर में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ। सुबह 10:30 बजे पंचमुखी हनुमान मंदिर से निकली कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पक्के तालाब पहुंची, जहां से जल लेकर श्रद्धालु पुरानी तहसील स्थित कथा स्थल पहुंचे। कलश यात्रा के समापन के साथ ही श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ।पीत वस्त्रों से सुसज्जित महिला एवं पुरुष श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर प्रभु श्रीराम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। नगर में जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया और पुष्पवर्षा से वातावरण भक्तिमय हो उठा। पूरा रामनगर मानो रामभक्ति के रंग में रंग गया और अयोध्या धाम जैसी आध्यात्मिक छटा बिखेरता नजर आया। कलश यात्रा में शिव प्रकाश अवस्थी उर्फ राहुल अवस्थी की रही विशेष सहभागिता श्रीराम कथा के शुभारंभ अवसर पर रामनगर निवासी एवं भारतीय जनता पार्टी से प्रबल दावेदार शिव प्रकाश अवस्थी उर्फ राहुल अवस्थी ने कलश यात्रा में बढ़-चढ़कर सहभागिता की। उन्होंने श्रद्धालुओं के स्वागत-सत्कार में सक्रिय भूमिका निभाते हुए कलश यात्रा के दौरान भक्तों पर पुष्पवर्षा भी कराई। उनके इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने से यात्रा का उत्साह और बढ़ा। श्रीराम के प्रति श्रद्धा और धार्मिक परंपराओं के प्रति आस्था के बीच राहुल अवस्थी श्रद्धालुओं के साथ कदम से कदम मिलाते नजर आए। नगर में निकली भव्य कलश यात्रा ने धार्मिक उल्लास के साथ सामाजिक सहभागिता की भी सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की। जय श्रीराम के उद्घोष से भक्तिमय हुआ पूरा रामनगर कलश यात्रा के दौरान सड़कों पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल दिखाई दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। श्रीराम के जयकारों से गूंजते नगर और पीत वस्त्रों में सजे श्रद्धालुओं की कतारों ने धार्मिक आयोजन को विशेष भव्यता प्रदान की।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.