देवा मेले में झूला टूटने और आग लगने जैसी आपात स्थितियों से निपटने का अभ्यास

बाराबंकी :  ऐतिहासिक देवा मेला-2026 में श्रद्धालुओं और मेलार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार, 27 अक्टूबर को मेला परिसर में संयुक्त मॉकड्रिल आयोजित की गई।इसमें झूला टूटने, आग लगने और दुर्घटना में लोगों के घायल होने जैसी संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया गया। मॉकड्रिल के माध्यम से विभिन्न विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा गया। अपर जिलाधिकारी एवं देवा मेला एवं प्रदर्शनी समिति के सचिव निरंकार सिंह के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास में अग्निशमन विभाग, चिकित्सा विभाग, पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमों ने भाग लिया। इसके साथ ही सिविल डिफेंस, रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रतिनिधियों, सेक्टर वार्डनों और स्वयंसेवकों ने भी अपनी भूमिका निभाई। मॉकड्रिल के दौरान आग लगने की स्थिति में अग्निशमन की कार्रवाई, दुर्घटनास्थल से प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। इसके अलावा भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को तत्काल शुरू करने की तैयारियों का भी जायजा लिया गया। संयुक्त मॉकड्रिल के जरिए विभागीय तैयारियों को परखने, आपसी तालमेल मजबूत करने और संभावित आपदाओं से निपटने की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया। इस प्रकार के अभ्यास मेले में आने वाले लोगों को जरूरत पड़ने पर समय से राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की तैयारियों को मजबूत करते हैं।तीन दर्जन स्वयंसेवकों सहित विभिन्न विभागों की रही सहभागिता। मॉकड्रिल में देवा मेला समिति के सचिव एवं अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, सिविल डिफेंस की उप नियंत्रक अनीता प्रताप, स्टाफ ऑफिसर धर्मेंद्र कुमार वर्मा, रेडक्रॉस सोसाइटी से शिवानी वर्मा, सिविल डिफेंस के वार्डन, सेक्टर वार्डन तथा लगभग तीन दर्जन स्वयंसेवकों ने भूमिका निभाई। अग्निशमन विभाग, चिकित्सा विभाग, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों की सहभागिता से संयुक्त राहत एवं बचाव अभ्यास संपन्न हुआ।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.